
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: अयोध्या की सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस चौकी के बगल रामपथ के किनारे बसे निवासियों की वर्षों पुरानी समस्या अब भी अनसुलझी है। यहां नाले का निर्माण नहीं हो पाने के कारण बारिश के पानी से घरों में घुसपैठ हो रही है, जिससे रामपथ की शोभा भी बिगड़ रही है।
एक स्थानीय पीड़िता ने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए बताया, “मेरी बुजुर्ग विधवा मां कई वर्षों से नगर निगम का चक्कर काट-काटकर थक चुकी हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। जब भी कोई वीवीआईपी का आवागमन होता है, तो हमारे घर के सामने टेंट लगाकर नाले को छिपा दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है।”
निवासी ने आगे कहा कि नाले के अभाव में पानी सीधे घर में घुस रहा है, जिससे दीवारों में दरारें आ रही हैं और घरेलू सामान खराब हो रहा है। रामपथ जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर यह स्थिति अयोध्या की छवि को धूमिल कर रही है। पीड़िता ने प्रदेश सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और जल्द से जल्द नाले का निर्माण कराने की अपील की है।
यह समस्या अयोध्या में विकास कार्यों के बीच बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नगर निगम को अब इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि निवासियों की परेशानी दूर हो सके।





