
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता जारी है। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर हजरतगंज डीसीपी विक्रांत वीर, एडीसीपी जितेंद्र दुबे और एसीपी विकास जायसवाल के साथ हजरतगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने क्षेत्र में पैदल मार्च किया।
इस पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखना और आम जनमानस को सुरक्षित महसूस कराना था। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने एसीपी विकास जायसवाल के साथ मिलकर फोर्स के साथ रोड पर पैदल गश्त की और लगातार क्षेत्र में अपनी पैनी नजर बनाए रखी।

गश्त के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रोड पर गाड़ियां खड़ी करके जाम लगाने वालों पर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने सख्त कार्रवाई की और हंटर चलाकर उन्हें चेतावनी दी। आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल के साथ उतरकर उन्होंने क्षेत्र की हर गली-नुक्कड़ का निरीक्षण किया।

यह पैदल मार्च पुलिस की जन-केंद्रित छवि को मजबूत करने वाला कदम है, जो दिखाता है कि हजरतगंज पुलिस जनता की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी गश्त से अपराध पर लगाम लगती है तथा लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी गश्तें नियमित रूप से जारी रहेंगी ताकि हजरतगंज क्षेत्र हमेशा सुरक्षित और शांतिपूर्ण बना रहे।




