
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक व्यक्ति द्वारा मंदिर परिसर में नमाज अदा करने की कोशिश किए जाने की सूचना सामने आई। यह घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मौजूद एक व्यक्ति मंदिर के पश्चिमी परकोटे तक पहुंच गया। वहां उसने कपड़ा बिछाकर नमाज पढ़ने की तैयारी शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और जैसे ही वह बैठने लगा, उसे तत्काल पकड़ लिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद उसके द्वारा नारेबाजी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ सीआरपीएफ, एसएसएफ और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल सभी एजेंसियां मिलकर मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पास से आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें उसका नाम अहद शेख दर्ज है। उसकी उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है और वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर/शोपियां क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और व्यक्ति द्वारा दी गई जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है।
एसएसपी ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




