
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाका हिंडोला क्षेत्र में चारबाग बस स्टैंड के पीछे बने एक अपार्टमेंट को पूरी तरह सील कर दिया है। यह कार्रवाई एलडीए के विहित अधिकारी के आदेश पर जोन-6 क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार संबंधित अपार्टमेंट का मामला काफी समय से एलडीए न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में एलडीए जोन-6 की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से लंबित इस मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सख्त कदम उठाया गया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी।
एलडीए की इस कार्रवाई को अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




