
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं उन्नत रेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन और संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा द्वारा आज दिनांक 08 जनवरी 2026 को लखनऊ–सुलतानपुर रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक ने लखनऊ–सुलतानपुर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए मार्ग में स्थित स्टेशनों एवं रेल पथ की संरक्षा एवं अनुरक्षण कार्यों का गहनता से आकलन किया। इस दौरान लेवल क्रॉसिंग संख्या LC-161B, LC-85C/E2 एवं LC-103C का विशेष निरीक्षण कर संरक्षा एवं सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में छन्दरौली एवं हैदरगढ़ स्टेशनों पर स्टेशन के प्रवेश द्वार, स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, स्वच्छता व्यवस्था तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। हैदरगढ़ स्टेशन पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने इस रेल खंड पर अमृत भारत स्टेश न योजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास एवं उन्नयन कार्यों की जानकारी भी साझा की। सुलतानपुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया गया तथा कॉलोनी में निवासरत रेलकर्मियों से संवाद किया l
मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा सुलतानपुर स्टेशन पर अपने-अपने कार्य क्षेत्रों का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्थाओं एवं अनुरक्षण कार्यों की समग्र समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा, “उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुविधाजनक रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के नियमित निरीक्षणों से न केवल वर्तमान व्यवस्थाओं का आकलन होता है, बल्कि सुधारात्मक एवं विकासात्मक कार्यों को भी प्रभावी गति मिलती है।”
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक-I शूरवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।





