
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ में सामने आए डिजिटल अरेस्टिंग के मामले में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी साइबर ठगों के साथ मिलकर वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को एटीएस या एनआईए का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते थे और गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। इस गिरोह के सदस्य वीडियो कॉल पर फर्जी अरेस्टिंग की बात कहकर पीड़ितों को मानसिक रूप से दबाव में लेते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सूफियान, मोहम्मद आज़म, आरिफ इकबाल और उजैर खान के रूप में हुई है। लखनऊ की साइबर पुलिस ने इन चारों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
इस संबंध में डीसीपी अपराध कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ डिजिटल ठगी से जुड़े सबूत मिले हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों या अन्य साइबर नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।




