
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ : प्रदेश में बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा और राहत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने शीतलहर के मद्देनज़र कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। यह निर्देश ICSE, CBSE, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होंगे।
मैदानी स्तर पर सक्रिय रहें अधिकारी
सीएम योगी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि ठंड से प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
कंबल और अलाव की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनपदों में जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण और अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खुले में न सोए कोई भी व्यक्ति
सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। इसके लिए रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
रैन बसेरों में सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई, गर्म पानी, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ठंड से लोगों को राहत मिल सके।
सीएम योगी ने प्रशासन से अपील की है कि शीतलहर के इस दौर में मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करते हुए हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जाए।




