
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दशाश्वमेध की पुलिस टीम ने मोबाइल चोरी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी के 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई वाराणसी पुलिस आयुक्त द्वारा अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, चोरी, लूट और धोखाधड़ी की घटनाओं के खुलासे तथा वांछित और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। अभियान को पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक थाना दशाश्वमेध के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




