
नई दिल्ली: साल 2026 की शुरुआत में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। हर साल की तरह इस बार भी नए साल के साथ कई अहम नियम लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा। एक जनवरी 2026 से वेतन, क्रेडिट स्कोर, किसान योजना, गैस की कीमत और पैन-आधार से जुड़े कई बड़े बदलाव प्रभावी होंगे।
1 जनवरी से लागू होगा 8वां वेतन आयोग
केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग को पहले ही मंजूरी दे चुकी है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगा। इससे करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और लगभग 69 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलेगा। नए वेतन आयोग के तहत सरकारी कर्मचारियों के वेतन में 20 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
क्रेडिट स्कोर अपडेट में बड़ा बदलाव
नए साल से क्रेडिट स्कोर सिस्टम में भी बदलाव होने जा रहा है। अभी क्रेडिट स्कोर महीने में एक बार अपडेट होता है, लेकिन 2026 से यह हर 7 दिन में अपडेट किया जाएगा। इससे समय पर ईएमआई भरने वालों को जल्दी फायदा मिलेगा और क्रेडिट प्रोफाइल भी तेजी से सुधरेगी।
पीएम किसान योजना के लिए जरूरी होगी किसान आईडी
केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए किसान आईडी सिस्टम शुरू किया है। 1 जनवरी 2026 से यूपी, बिहार और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इस डिजिटल आईडी में किसान की जमीन, फसल, आधार और बैंक से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी। किसान आईडी नहीं होने पर पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सालाना 6,000 रुपये की सहायता रुक सकती है।
सीएनजी और पीएनजी हो सकती है सस्ती
नए साल में आम लोगों को गैस की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है। वाहनों में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी और घरों में खाना बनाने वाली पीएनजी की कीमतों में 2 से 3 रुपये प्रति यूनिट की कमी हो सकती है। यह बदलाव पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) के टैरिफ एडजस्टमेंट के तहत 1 जनवरी 2026 से लागू होगा।
एलपीजी और एविएशन फ्यूल के दामों में भी बदलाव संभव
इसके अलावा नए साल के मौके पर एलपीजी सिलेंडर और एविएशन फ्यूल की कीमतों में भी संशोधन किया जा सकता है, जिसका असर घरेलू बजट और हवाई यात्रा पर पड़ सकता है।
पैन-आधार लिंक नहीं तो पैन होगा निष्क्रिय
पैन कार्ड को आधार से लिंक करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। अगर अब तक पैन को आधार से लिंक नहीं किया गया है, तो 1 जनवरी 2026 से पैन कार्ड निष्क्रिय हो जाएगा। ऐसे में इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने से लेकर बैंक में बड़े लेनदेन तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
कुल मिलाकर, नया साल कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है, जिनका असर सीधे आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।





