
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: धर्मनगरी अयोध्या में पत्रकारों के सबसे बड़े संगठनों में शुमार उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) की अयोध्या इकाई का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर रिकाबगंज स्थित एक सभागार में उपजा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले के दर्जनों पत्रकारों ने सहभागिता की।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राकेश तिवारी ने की। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से उपजा अयोध्या इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। गठन की प्रक्रिया पूरी होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और पत्रकारों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा
बैठक में सर्वसम्मति से राकेश तिवारी को अध्यक्ष, रविकांत आर्य को मंत्री, बिस्मिल्लाह खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रवि मौर्य, भगवती प्रसाद एवं सोनू चौधरी को उपाध्यक्ष, अरविन्द यादव को कोषाध्यक्ष,अमित कुमार को मीडिया प्रभारी, साजिद हुसैन को संगठन मंत्री, शंकर श्रीवास्तव को उप संगठन मंत्री, सुरेंद्र कुमार को उप मंत्री व वरिष्ठ पत्रकार जेपी गुप्ता को संरक्षक मनोनित किया गया।
पत्रकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता पर जोर
नवगठित इकाई के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि उपजा सदैव निष्पक्ष पत्रकारिता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा।
अध्यक्ष राकेश तिवारी ने कहा कि मौजूदा समय में पत्रकारों पर बढ़ते दबाव, हमलों और उत्पीड़न के मामलों को देखते हुए एक मजबूत और संगठित मंच की आवश्यकता है, जिसे उपजा पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी आवाज उठाएगा।
संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर चर्चा
बैठक में संगठन विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा स्थानीय स्तर पर पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। तय किया गया कि जल्द ही जिले के सभी तहसील और ब्लॉक स्तर तक उपजा की इकाइयों का विस्तार किया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकारों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों ने नवगठित टीम को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उपजा की अयोध्या इकाई न सिर्फ पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगी, बल्कि सकारात्मक, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता को भी नई दिशा देगी।
बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, मजबूती और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।





