
- रिपोर्ट: अमित कुमार
आगामी नववर्ष 2026 को लेकर अयोध्या नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कोतवाली नगर पुलिस ने विभिन्न प्रमुख चौराहों पर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 25 वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म उतरवाई गई और वाहन चालकों को भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा करीब 40 वाहनों का अलग-अलग धाराओं में चालान किया गया।

इसी क्रम में दो वाहनों पर लगे अवैध हूटर भी हटवाए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित विभिन्न चौकी प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने आम जनता से भी यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।





