
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। पुलिस आयुक्त, वाराणसी द्वारा गुमशुदा व्यक्ति एवं वस्तुओं की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंडुवाडीह पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त, वरुणा जोन के पर्यवेक्षण में एवं सहायक पुलिस आयुक्त, रोहनिया के कुशल नेतृत्व में थाना मंडुवाडीह पुलिस टीम द्वारा CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 04 गुमशुदा एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस टीम ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए दिनांक 28 दिसंबर 2025 को विभिन्न कंपनियों के ये चारों मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों को थाना मंडुवाडीह बुलाकर विधिवत पहचान सुनिश्चित करने के पश्चात उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
अपने गुम हुए मोबाइल फोन वापस पाकर सभी स्वामियों ने थाना मंडुवाडीह पुलिस की तत्परता एवं सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा की। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने पर सूचना देने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर पंजीकरण कराएं, जिससे मोबाइल की बरामदगी में सहायता मिल सके।





