
- रिपोर्ट: पंकज झा
प्रयागराज: शहर में जन्मदिन पार्टी के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस हत्यारोपियों से पूछताछ कर रही है.कब मारी गई गोली: पुलिस के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर ओम नगर में गुरुवार रात किशन यादव के जन्मदिन के मौके पर आकाश सोनी उर्फ गोलू के घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर पार्टी चल रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हर्ष ने तमंचा निकालकर आकाश के सिर पर रख दिया. इसी बीच ट्रिगर दब गया और गोली सीधे आकाश के सिर में लग गई.इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को स्वरूप रानी अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.मृतक के बड़े भाई विशाल सोनी की तहरीर पर कैंट थाने में सभी 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
तहरीर में बताया गया कि आरोपियों ने आकाश को घेरकर गोली मारी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को कैंट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. 5 आरोपी राजापुर ओम नगर के रहने वाले हैं, जबकि मुख्य आरोपी हर्ष सलोरी का निवासी है. पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद किया है.मृतक आकाश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और अपने परिवार के साथ राजापुर ओम नगर में रहता था.
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया. परिजनों का आरोप है कि आकाश को साजिश के तहत घर से बुलाकर ले जाया गया और उसकी हत्या की गई. गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी हर्ष के साथ अर्जुन उर्फ धीरू, हिमांशू राजभर, विशाल पांडेय, राहुल राजभर और किशन यादव शामिल हैं.डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आकाश पर गोली हर्ष ने ही चलाई. सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा. मामले की गहन जांच की जा रही है.





