
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। राजघाट पुल पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ा बदलाव किया है। ट्रैफिक विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेन स्टार्ट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के चलते राजघाट पुल पर अन्य चार पहिया वाहनों का आवागमन 20 दिसंबर से 13 जनवरी तक कुल 25 दिनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान आम नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
ट्रायल के तौर पर शुक्रवार को राजघाट पुल पर तीन घंटे के लिए यातायात रोका जाएगा। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पुल पर केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्रियों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी और चार पहिया वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, स्कूली बच्चों की सुविधा को देखते हुए स्कूल बसों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। स्कूल बसें निर्धारित समय के अनुसार पुल से होकर आवागमन कर सकेंगी।
ट्रैफिक विभाग ने बताया कि 19 दिसंबर की रात 12 बजे से लेकर 20 दिसंबर की रात 12 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। इस अवधि में नमो घाट से पड़ाव चौराहा और पड़ाव से नमो घाट की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी और चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं सुबह 9 बजे से 10 बजे तक तथा दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक स्कूल बसों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जाएगी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। ट्रैफिक विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे तय किए गए डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें।
प्रशासन ने कहा है कि यह व्यवस्था अस्थायी है और मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही राजघाट पुल को पुनः सामान्य आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। आमजन से सहयोग की अपील की गई है।





