
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में ₹138 करोड़ की लागत से निर्मित अत्याधुनिक रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का भव्य लोकार्पण किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लोकार्पण से क्षेत्र के लाखों लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब देश और प्रदेश में विरासत और विकास की सोच वाली डबल इंजन की सरकार कार्य करती है, तो विकास की रफ्तार भी उसी गति से आगे बढ़ती हुई दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधुनिक और सुरक्षित बुनियादी ढांचे का निर्माण कर आमजन के जीवन को सुगम बनाना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नवनिर्मित रेल उपरिगामी सेतु गोरखपुर से महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों के लिए आवागमन को और अधिक सुगम, सुरक्षित तथा सुविधाजनक बनाएगा। इससे न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
लोकार्पण समारोह के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के पूरा होने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।





