
- रिपोर्ट: पंकज झा
डीआरएम उदय सिंह मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को डीआरएम कार्यालय के सभाकक्ष में दो अनौपचारिक बैठकें आयोजित की गईं। आज पूर्वाह्न पहली बैठक ऑल इंडिया ओबीसी रेलवे एम्प्लॉइज एसोसिएशन के साथ तथा तत्पश्चात ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लॉइज एसोसिएशन के साथ संपन्न हुई।
दोनों बैठक में एडीआरएम श्री दिलीप कुमार तथा मंडल के सभी शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। दोनों एसोसिएशनों की ओर से जोनल एवं मंडल स्तर के पदाधिकारीगण ने भाग लिया। दोनों बैठकों में कर्मचारियों के कल्याण, कार्य स्थल पर सुविधाओं तथा एसोसिएशन से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गई।
डीआरएम द्वारा रेल कर्मियों के कल्याण और देय सुविधाओं की व्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। दोनों बैठकों में अपने संबोधन में डीआरएम ने रेखांकित किया कि डीडीयू मंडल भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण मंडल है, जो निरंतर नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। हाल के समय में छठ एवं पितृपक्ष जैसे भारी यात्री दबाव वाले अवसरों पर भी मंडल ने सुचारु एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया है। कई बार 100% समयपालन, सबसे लंबी रुद्रास्त्र मालगाड़ी के संचालन, बेहतर वैगन एवं ट्रैक मेंटेनेंस तथा डिजिटल पहलों जैसे बायोमेट्रिक लॉग-इन और एम-यूटीएस जैसी सुविधाओं के साथ कर्मचारी कल्याण में भी मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
डीआरएम ने यह भी रेखांकित किया कि इन उपलब्धियों को संभव बनाने में कर्मचारी संगठनों का निरंतर सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने प्रशासन और एसोसिएशनों के बीच सहयोग को डीडीयू मंडल की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि इसी प्रकार मिलकर कार्य करते हुए मंडल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी उज्जवल आनंद द्वारा किया गया। इस अवसर पर दोनों एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


