
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चौबेपुर बर्थरा कला गांव में अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह के पैतृक आवास पर सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और सरकार व पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। अजय राय ने कहा कि मृतक 2024 से लगातार प्रार्थना पत्र देते रहे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।उन्होंने आरोप लगाया कि राजा आनंद ज्योति को कफ सिरप कांड की अहम जानकारी मिली थी, इसी कारण उनकी हत्या की गई।
राय ने कहा कि 30 तारीख को लिए गए सैंपल को 9 दिन बाद लैब भेजा गया, जो जांच पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए।कांग्रेस अध्यक्ष को देखते ही मृतक की मां और पत्नी फफक पड़ीं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस परिवार न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी। कार्यक्रम में मृतक के पिता उमेश सिंह, भाई गिरिजेश सिंह सहित कांग्रेस नेता राघवेंद्र चौबे, अशोक सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, शाहिद आदि मौजूद रहे।


