
- रिपोर्ट:अमित कुमार
अयोध्या। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एकता पदयात्रा लगातार चर्चा में बनी हुई है। सभी विधानसभाओं में भाजपा विधायक अपनी-अपनी अगुवाई में यह पदयात्रा निकाल रहे हैं, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। पदयात्रा के जरिए सरदार पटेल के संदेश और उनके योगदान को याद किया जा रहा है।
पदयात्राओं में बड़ी भीड़ उमड़ने से भाजपा इसे अपनी बड़ी सफलता के रूप में देख रही है। वहीं, इस दौरान भाजपा नेताओं ने विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा।
भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कांग्रेस पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल के योगदान को हमेशा कमतर आंका।
कांग्रेस का पलटवार — इतिहास पढ़ने की जरूरत भाजपा को
भूपेंद्र चौधरी के बयान पर कांग्रेस नेता पंकज सिंह ने करारा जवाब देते हुए कहा—
“भाजपा वालों को इतिहास पढ़ने की जरूरत है। उनके यहां उछल-कूद ज्यादा है और दिखावा अधिक, लेकिन धरातल पर विकास का कोई काम नहीं हो रहा। भाजपा सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बरगला कर वोट लेने का काम कर रही है।”
सरदार पटेल की जयंती पर निकाली जा रही पदयात्रा के बीच नेताओं की बयानबाज़ी से प्रदेश का राजनीतिक माहौल और गर्माता जा रहा है।


