
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में उस समय हंगामा मच गया जब हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर राहुल पांडे पर एक छात्र को मारने-पीटने का गंभीर आरोप लगा। इस घटना के विरोध में विभिन्न छात्र संगठनों ने टैगोर लाइब्रेरी से विरोध मार्च निकाला और विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर ऑफिस का घेराव कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही BAPSA, NSUI और समाजवादी छात्र सभा जैसे प्रमुख छात्र संगठनों ने एकजुट होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर जोरदार नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया। NSUI के नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रोक्टोरियल टीम खुद छात्रों से मारपीट कर रही है, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
छात्रों का कहना है कि असिस्टेंट प्रोफेसर राहुल पांडे ने छात्र के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे पीटा, जिसके बाद पूरा परिसर आक्रोश से भर गया। विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं कर सका है, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।


