
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: लंबे समय से जिस सपने को हाथरस शहरवासी देख रहे थे, वह अब साकार होने जा रहा है। सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के अथक प्रयासों से हाथरस को जल्द ही अपना आधुनिक ऑडिटोरियम मिलने का मार्ग साफ होता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक अंजुला सिंह माहौर ने इस परियोजना को साकार करने के लिए आगरा मण्डल आयुक्त से मुलाकात की और संबंधित पत्रों व नियमों का हवाला देते हुए आग्रह किया कि ऑडिटोरियम का निर्माण श्री दाऊजी महाराज मंदिर परिसर के पास स्थित भूमि पर किया जाए।
विधायक ने बताया कि यह प्रस्ताव पहले ही सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माननीय मंत्री श्री जयवीर सिंह की स्वीकृति से पारित हो चुका है। अब केवल मण्डल स्तर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी होने की औपचारिकता शेष है।
उपजिलाधिकारी हाथरस की रिपोर्ट के अनुसार, चिन्हित भूमि मंदिर से 100 मीटर से अधिक दूरी पर है और पुरातत्व विभाग की चारदीवारी के अंदर स्थित है। साथ ही, पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था उसी क्षेत्र में उपलब्ध है।

स्थानीय लोगों में इस खबर को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उनका कहना है कि “अगर यह ऑडिटोरियम बन गया तो हाथरस की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम मिलेगा।”
राजनीतिक हलकों में भी इस कदम को अंजुला सिंह माहौर की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
अब सबकी निगाहें आगरा मंडल आयुक्त की स्वीकृति पर टिकी हैं।
अगर मंजूरी मिलती है तो जल्द ही श्री दाऊजी महाराज की नगरी हाथरस में एक भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू हो जाएगा — जो जिले की सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।





