
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक जमीनों की रजिस्ट्री नहीं हो सकेगी। प्रदेश के सभी जिलों में 8 नवंबर से 11 नवंबर तक रजिस्ट्री का काम पूरी तरह बंद रहेगा। इस संबंध में महानिरीक्षक निबंधन (IG Registration) IAS नेहा शर्मा ने सभी सहायक महानिरीक्षकों को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
जारी पत्र के अनुसार, स्टांप एवं पंजीकरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल को NIC द्वारा संचालित मेघराज क्लाउड सर्वर से नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड (NGC) पर स्थानांतरित किया जा रहा है। इस तकनीकी प्रक्रिया के चलते ऑनलाइन लेखपत्र पंजीकरण और उससे संबंधित आवेदनों का कार्य अस्थायी रूप से बाधित रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह तकनीकी अपग्रेड विभाग के डिजिटल सिस्टम को और अधिक सुरक्षित एवं कुशल बनाने के लिए किया जा रहा है। 11 नवंबर के बाद सभी सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगी।




