
मधुबनी: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मधुबनी ज़िले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा चौपाल और सामाजिक समरसता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “जो तेजस्वी यादव अपने परिवार के सगे नहीं हुए, वो भला बिहार की जनता के सगे कैसे होंगे। इसलिए बिहार की जनता का भरोसा सिर्फ़ एनडीए सरकार पर है।”
“पोस्टर से फोटो हटाने से नहीं मिटेगा जंगलराज का दाग”
अनुराग ठाकुर ने राजद और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “तेजस्वी जी इस ग़लतफ़हमी में न रहें कि पोस्टर-बैनर से लालू जी की तस्वीर हटाने से बिहार उनका जंगलराज और भ्रष्टाचार भूल जाएगा। राजद और कांग्रेस की सत्ता का मतलब है गुंडागर्दी, रंगदारी और कट्टा संस्कृति। जब भी ये दल सत्ता में आते हैं, अपराधियों को संरक्षण देते हैं और अपराध व फिरौती के दम पर पैसा कमाने का काम शुरू हो जाता है।”
उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस गठबंधन फिर से बिहार में जंगलराज कायम करना चाहता है—जहां अपहरण उद्योग, अवैध हथियार फैक्ट्रियां और कॉन्ट्रैक्ट किलर का बोलबाला था। ठाकुर ने कहा, “इनकी मानसिकता आज भी वही है, 20 साल सत्ता से बाहर रहने के बावजूद इनकी फितरत नहीं बदली। इसलिए जनता का भरोसा केवल एनडीए की सरकार पर है और आने वाले चुनाव में जनता एनडीए को भारी मतों से जीत दिलाएगी।”
“जो अपने पिता-भाई के नहीं हुए, वो बिहार की जनता के क्या होंगे”
तेजस्वी यादव पर व्यक्तिगत प्रहार करते हुए ठाकुर ने कहा, “जो तेजस्वी अपने पिता के नहीं हुए, भाई के नहीं हुए, बहनों से किनारा कर लिया — वो भला बिहार की माताओं-बहनों के क्या होंगे।”
उन्होंने तेजस्वी यादव के नौकरी देने के दावे पर भी सवाल उठाया। ठाकुर ने कहा, “तेजस्वी युवाओं को नौकरी देने की बात करते हैं, लेकिन कोई इनसे पूछे कि उनके पिता लालू यादव ने रेलवे में नौकरी के बदले बिहार और देश के गरीब युवाओं से कितनी ज़मीन हड़पी? तेजस्वी बताएँ कि उस करप्शन में उनकी कितनी हिस्सेदारी थी।”
“तीन पीढ़ियों को बर्बाद कर सौ साल पीछे धकेला”
अनुराग ठाकुर ने कहा कि लालू परिवार ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के नाम पर सिर्फ़ राजनीति की, लेकिन उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, “इस परिवार ने बिहार की तीन पीढ़ियों को बर्बाद किया है, राज्य को सौ साल पीछे धकेल दिया, फिर भी इन्हें न कोई अफ़सोस है, न शर्म, और न ही इस पाप के लिए माफी मांगी।”
अंत में ठाकुर ने जनता से अपील की कि “अगर बिहार को बचाना है और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखना है, तो हमें राजद जैसी अराजक और कांग्रेस जैसी भ्रष्ट पार्टियों से बिहार को बचाना होगा।”




