
रोहतास (दिनारा): उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को दिनारा प्रखंड के दावथ में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने राजद प्रत्याशी राजेश यादव के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की और कहा कि “अगर बिहार के लोग इस बार सरकार बदल देंगे, तो अगली बार उत्तर प्रदेश में भी परिवर्तन निश्चित है।”
बिना नाम लिए योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “लखनऊ वाले को मैं अच्छी तरह जानता हूँ। जब बिहार में सरकार बदलेगी तो यूपी में भी बदलेगी, और जब यूपी में सरकार बदलेगी तो उनका बुलडोजर भी हम छीन लेंगे, क्योंकि बुलडोजर में दिमाग नहीं होता।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में इस बार भाजपा की हार तय है। जनता को भाजपा को भगाने की जरूरत है, क्योंकि यह चुनाव बेरोजगारी, गरीबी और भाजपा को हटाने का चुनाव है। अखिलेश ने कहा, “जिस तरह हमने अवध में भाजपा को हराया, उसी तरह बिहार की जनता को भी संप्रदाय की राजनीति करने वालों को बाहर करना होगा।”
सभा में अखिलेश यादव ने तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए युवाओं से कहा, “पुराने लोगों को मोबाइल चलाना या सोशल मीडिया पर रील बनाना नहीं आता, लेकिन आज के युवा सब जानते हैं। इसलिए युवाओं को आगे आकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।”
इस मौके पर मंच पर नोखा से राजद प्रत्याशी और पूर्व मंत्री अनिता देवी भी मौजूद रहीं। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए।



