
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उन्नाव: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि इस दिन भव्य समारोह आयोजित किए जाएं और लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाए।
उन्नाव महोत्सव की शुरुआत भी 31 अक्टूबर से की गई थी, जिसमें महिला सशक्तिकरण पर आधारित कई कार्यक्रम हुए। इसी कड़ी में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, छात्रों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करना था।
हालांकि, अजगैन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुछ प्राथमिक विद्यालयों में आदेशों की अनदेखी की गई। शासन के निर्देश के अनुसार सभी स्कूलों को खुला रखकर जयंती मनाने और विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया था, लेकिन कुछ स्कूलों में शिक्षक और प्रधानाचार्य उपस्थित नहीं हुए। इससे यह साफ है कि उन्होंने शासन की मंशा पर पानी फेर दिया।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, प्रशासन ने कहा है कि ऐसे आयोजनों का मकसद सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों में एकता, देशभक्ति और प्रेरणा की भावना जगाना है।





