
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी जोन, रेंज और कमिश्नरेट को अहम निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी मुख्यालय ने अराजपत्रित पुलिसकर्मियों के लंबित तबादला आदेशों पर तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया है। निर्देश में कार्यमुक्ति में देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीजीपी कार्यालय ने आदेशों का पालन न होने पर नाराजगी जताई है। हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं के कारण विभाग की किरकिरी से बचने के लिए यह सख्ती बरती जा रही है। सभी कर्मियों को 10 दिन के भीतर कार्यमुक्त करने का नियम दोहराया गया है। डीजीपी ने स्पष्ट कहा, “प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना कर्मियों को कार्यमुक्त करें।”
साथ ही, प्रत्येक जोन को अनुपालन रिपोर्ट तत्काल लौटती डाक से भेजने का निर्देश दिया गया है। डीजीपी ने चेतावनी दी कि कार्यमुक्ति में देरी होने पर पुलिस रेगुलेशन 523 के तहत कार्रवाई होगी।



