
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में दोनों उपमुख्यमंत्री, 12 मंत्री, 48 मौजूदा विधायक, 9 महिलाएं और 12 नए चेहरे शामिल हैं। वहीं, पार्टी ने नंद किशोर यादव और अरुण कुमार सिन्हा जैसे कई पुराने नेताओं का टिकट काटकर बड़े फेरबदल का संकेत दिया है।
मैथिली ठाकुर की औपचारिक एंट्री
उम्मीदवारों की पहली सूची के जारी होते ही मंगलवार शाम को मशहूर लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने भाजपा जॉइन कर लीं। उन्हें बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सूत्रों के मुताबिक, मैथिली ठाकुर को अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उनका नाम भाजपा की आगामी दूसरी सूची में शामिल हो सकता है।
25 वर्षीय मैथिली ठाकुर बिहार के मधुबनी की रहने वाली हैं। उन्होंने संगीत की शुरुआती शिक्षा अपने पिता रमेश ठाकुर से ली और अपने भाई ऋषभ और अयाची के साथ मिलकर सोशल मीडिया और मंचों पर लोकप्रियता हासिल की। फिलहाल वह परिवार के साथ दिल्ली के नजफगढ़ में रहती हैं।
पहली सूची में कौन-कौन शामिल?
भाजपा की पहली सूची में कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- सम्राट चौधरी – तारापुर
- विजय कुमार सिन्हा – लखीसराय
- श्रेयसी सिंह – जमुई
- प्रेम कुमार – गया
- नितिन नवीन – बांकीपुर
- संजय गुप्ता – कुम्हरार
- रत्नेश कुशवाहा – पटना साहिब
- रामकृपाल यादव – दानापुर
- संजय सिंह टाइगर – आरा
- मनोज शर्मा – अरवल
- वैद्यनाथ प्रसाद – रीगा
टिकट कटने वाले बड़े चेहरे
- नंदकिशोर यादव (पटना साहिब)
- अरुण कुमार सिन्हा (कुम्हरार)
इनकी जगह क्रमशः रत्नेश कुशवाहा और संजय गुप्ता को मैदान में उतारा गया है।
सीटों का बंटवारा
एनडीए गठबंधन में सीटों का बंटवारा इस प्रकार हुआ है:
- भाजपा: 101 सीट
- जेडीयू: 101 सीट
- लोजपा (रामविलास): 29 सीट
- हम पार्टी: 6 सीट
- रालोमो: 6 सीट
भाजपा ने अब तक अपनी 101 में से 71 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बची हुई 30 सीटों के लिए दूसरी सूची जल्द जारी की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे:
- पहला चरण: 6 नवंबर
- दूसरा चरण: 11 नवंबर
- मतगणना: 14 नवंबर
राजनीतिक गतिविधियों में तेजी के साथ अब सभी की नजरें भाजपा की दूसरी सूची और अन्य दलों की रणनीतियों पर टिकी हैं।



