
- रिपोर्ट: अमित कुमार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की जांच की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या का मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल संतोषजनक ढंग से कार्य कर रहे हैं। अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया भी चल रही है।
उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी स्थिति में कठोर कार्रवाई होगी। दौरे के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी हर्षवर्धन सिंह की माता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस लाइन में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।



