
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
रामपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान की मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात ने झूठ और भ्रम फैलाने वालों को करारा जवाब दे दिया है। अवस्थी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, “झूठ और भ्रम फैलाने वाले भाजपा के लोगों का 2027 में सफाया तय है। प्रदेश का युवा, किसान, आम आदमी, दलित और पिछड़े वर्ग जोर-ज्यादती करने वालों के खिलाफ वोट करेंगे और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएंगे।”

अखिलेश यादव ने आजम खान के आवास पर मुलाकात के दौरान उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “मैं आजम खान साहब से मिलने आया हूँ। उनके स्वास्थ्य को लेकर हम सब चिंतित हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।” अखिलेश ने आजम खान को समाजवादी पार्टी का वरिष्ठ और अनुभवी नेता बताते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “भाजपा ने आजम खान जी पर इतने झूठे मुकदमे दर्ज किए हैं कि यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल होने लायक है।”

यह मुलाकात रामपुर में आजम खान के आवास पर हुई, जहां अखिलेश और आजम एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चलते दिखे। दोनों नेताओं ने एक ही गाड़ी में सवार होकर आवास तक का सफर तय किया। इस मुलाकात को आगामी राजनीतिक रणनीतियों और इंडिया गठबंधन की एकजुटता के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



