
- रिपोर्ट- ज्ञानेश वर्मा, यूपी हेड
लखनऊ, 01 अक्टूबर 2025: कूर्मि क्षत्रिय सभा, लखनऊ (राष्ट्रीय कार्यक्षेत्र) की ओर से अमर शहीद राजा जयलाल सिंह का स्मृति समारोह आज बड़े ही गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथिगण मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों ने तरुण पुंज पत्रिका का विमोचन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद गणेश सिंह (सतना, मध्य प्रदेश) ने अपने उद्बोधन में कहा कि “बलिदानी राष्ट्रभक्तों की कोई जाति नहीं होती।” उन्होंने राजा जयलाल सिंह को महान बलिदानी बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और योगदान अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि राजा जयलाल सिंह ने नेपाल सरकार की मदद से महारानी बेगम हजरत महल और नवाब बिरजिस कदर की प्राण रक्षा कराई थी।

विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान ने राजा जयलाल सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की और कार्यक्रम में उपस्थित फिल्म निर्देशक हरीश वर्मा से राजा के जीवन चरित्र पर वृत्तचित्र फिल्म बनाने का आग्रह किया।
समारोह में आईपीएस विक्रांत वीर, आईपीएस मयंक चौधरी, वरिष्ठ जेल अधीक्षक बी.आर. वर्मा, चौधरी सेवा राम सिंह, स्वतंत्रता सेनानी के उत्तराधिकारी कृष्णकांत कटियार और क्रांति कुमार कटियार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुंबई से पधारे वी.के. वर्मा, गुलाब चंद्र, रवि भूषण, राधेश्याम पटेल एवं पुष्पलता वर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शहीद को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर कुमारी श्रेया वर्मा (मेधावी छात्रा), बॉक्सर पूजा पटेल एवं राकेश वर्मा को समाजहित में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.एम. कटियार ने राजा जयलाल सिंह के जीवन वृतांत पर प्रकाश डालते हुए सभा की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उल्लेखनीय है कि 01 अक्टूबर को ही अंग्रेजों ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित पार्क में इमली के पेड़ से अमर शहीद राजा जयलाल सिंह को फांसी दी थी।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुलदीप गंगवार ने किया। इस दौरान प्रो. रामकिशोर वर्मा, डॉ. प्रमोद गंगवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दमोदर गंगवार, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक सिंह, उपप्रबंधक ज्योति वर्मा, शिवपूजन वर्मा एवं संरक्षक सदस्य सतेन्द्र गंगवार की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
अंत में कूर्मि क्षत्रिय सभा, लखनऊ की ओर से सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।



