
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: चिनहट क्षेत्र में इस वर्ष आयोजित 89वें ऐतिहासिक दशहरा मेला प्रांगण को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए विशेष पहल की गई। चिनहट प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण राय और पार्षद प्रतिनिधि अनिल सोनी के नेतृत्व में नगर निगम लखनऊ द्वारा एक बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में नगर निगम के कर्मचारी, क्षेत्रीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए दशहरा मेला चिनहट की पहचान और परंपरा से जुड़ा एक प्रमुख आयोजन है। हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग दूर-दराज़ से यहाँ मेले का आनंद लेने आते हैं। भीड़-भाड़ व धार्मिक आयोजनों को देखते हुए इस बार नगर निगम ने सफाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में दशहरा मैदान को साफ-सुथरा रखने के लिए पार्षद अरुण राय और पार्षद प्रतिनिधि अनिल सोनी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए सफाईकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए और क्षेत्र का निरीक्षण किया अभियान की शुरुआत सुबह होते ही नगर निगम की टीम द्वारा की गई, जिसमें झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने, खुले में फैले कचरे को हटाने और मैदान के चारों ओर सफेद चूने का छिड़काव जैसे कार्य किए गए।

जगह-जगह बनी अस्थायी दुकानों और पंडालों के आसपास विशेष निगरानी की गई जिससे दर्शकों को असुविधा न हो। साथ ही, बारिश के कारण मैदान में गड्ढों या कीचड़ वाली जगहों की मरम्मत भी कराई गई पार्षद अरुण राय ने कहा कि दशहरा मेला चिनहट क्षेत्र का गौरव है और इसे स्वच्छ बनाकर रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि मेले के दौरान कचरा इधर-उधर न फेंकें और स्वच्छता में सहयोग करें। वहीं, पार्षद प्रतिनिधि अनिल सोनी ने आश्वासन दिया कि मेला खत्म होने तक नगर निगम की टीम प्रतिदिन सफाई और निगरानी का काम करती रहेगी स्थानीय व्यापारियों व श्रद्धालुओं ने इस प्रयास की सराहना की और कहा कि हर वर्ष मेले के दौरान स्वच्छता सबसे बड़ी चुनौती होती है। इस बार नगर निगम की टीम और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से न सिर्फ परिसर स्वच्छ दिख रहा है। बल्कि वातावरण भी अधिक आकर्षक हो गया है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान चिनहट मेले में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसलिए यहाँ शौचालयों, कूड़ेदानों और पेयजल व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। अभियान का उद्देश्य केवल मैदान की सफाई नहीं बल्कि आगंतुकों को सुविधा और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना भी है। इस सफाई अभियान के साथ ही चिनहटवासी अब गर्व के साथ आने वाले दशहरा पर्व का स्वागत करने के लिए तैयार हो चुके हैं।



