
- रिपोर्ट: सत्या राय
सीतापुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान की सीतापुर जेल से रिहाई आज सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच होने की उम्मीद है। रिहाई परवाने में कुछ तकनीकी खामियों के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, आज़म खान की रिहाई के लिए 3000 रुपये का एक चालान भरना आवश्यक है। सीतापुर कोर्ट सुबह 10 बजे खुलने के बाद चालान जमा किया जाएगा। चालान की रसीद जेल प्रशासन को दिखाने के बाद ही उनकी रिहाई संभव होगी।
इस बीच, आज़म खान से मिलने जेल के पास पहुंचे उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की है। जेल के समीप नो पार्किंग जोन में खड़ी 15 गाड़ियों का चालान किया गया। पुलिस प्रशासन ने आज़म खान के बेटे अब्दुल्ला आज़म और उनके समर्थक अदीब आज़म को भी जेल परिसर में रुकने की अनुमति नहीं दी। जेल के पास रुकी गाड़ियों के नंबर पुलिस को नोट कर लिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, अब्दुल्ला आज़म भी सुबह करीब 10:30 बजे सीतापुर जेल पहुंचेंगे। रिहाई की प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण समर्थकों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। आज़म खान की रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में उत्साह है, लेकिन प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है।



