
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: थाना पारा क्षेत्र के अंतर्गत जलालपुर चौकी के पास शराब ठेके के समीप एक नशे में धुत शराबी ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने पर राहगीरों ने शराबी को पकड़ लिया। पीड़ित महिला ने तुरंत 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शराबी इतने नशे में था कि वह पुलिस को भी कुछ नहीं समझ रहा था और उसने मौके पर मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज व जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया।
महिला के पति के मौके पर पहुंचकर विरोध करने पर पुलिस ने दोनों को चौकी ले जाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही शराब ठेके के आसपास से गुजरने वाली महिलाओं और कोचिंग जाने वाली छात्राओं के साथ इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। कुछ समय पहले भी एक कोचिंग छात्रा के साथ शराबी द्वारा नशे में छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी।




