
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: चिनहट थाना क्षेत्र के मटियारी गांव में दो दिन पहले हुए गोलीकांड की घटना में चिनहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मटियारी चौकी क्षेत्र में स्थित प्रणामी मंदिर के पास बैठे युवक यादवेंद्र पर अवैध असलहे से गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की थी। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी विनय यादव और जुल्फी उर्फ सैफ को धर दबोचा। दोनों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान एडीसीपी पूर्वी पंकज कुमार सिंह और एसीपी विभूति खंड विनय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।




