
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ, चिनहट: चिनहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत मटियारी चौकी इलाके के मटियारी गांव में शनिवार रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रात करीब 9 बजे 37 वर्षीय पुनीत यादव, पुत्र सुरेंद्र पाल यादव, निवासी मटियारी, थाना चिनहट, को गोली मारी गई। पुनीत अपने घर के पास परनामी मंदिर के निकट दोस्तों के साथ बैठा था, तभी पुरानी रंजिश के चलते विनय यादव और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर गोली चला दी। गोली पुनीत की कमर में लगी और आर-पार हो गई। घायल पुनीत को तुरंत चंदन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, पुनीत की स्थिति अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह, एडीसीपी, एसीपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में गोलीबारी को पुरानी रंजिश से जोड़ा है और मामले की गहन छानबीन कर रही है।
घटना के बाद से मटियारी गांव और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।





