
- सदर तहसील के गांव गढ़ी रामफल पहुंच कर 19 वर्षीय रवेंद्र की यमुना में डूबकर हुई दुखद मृत्यु पर परिजनों से मिलकर की गहरी शोक संवेदना व्यक्त, मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 04 लाख रुपए का चैक परिजनों को किया प्रदान
- जनपद में दैवीय आपदा से मृतकों के 05 स्वजनों को मुख्यमंत्री राज्य आपदा मोचक निधि से 04-04 लाख के चैक किए प्रदान, सर्किट हाउस में की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक।
- पानी उतरने के बाद तत्काल सिल्ट आदि संबंधी बेहतर सफाई कार्य, चूना, ब्लीचिंग एवं पशुओं के टीकारण कार्य किया जाए सुनिश्चित-मा0 प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह जी।
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: आज प्रदेश के मा. मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह जी ने तहसील सदर के बाढ़ प्रभावित गांव तनौरा नूरपुर, बरौली गूजर आदि गांवों में मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से की बात की। मा0 मंत्री जी के समक्ष तनौरा नूरपुर के ग्रामीणों ने गांव में यमुना नदी से हो रहे कटान, दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु कुछ घण्टे विद्युत आपूर्ति करने की मांग रखी, मा0 मंत्री महोदय ने मौके पर ही सिंचाई विभाग के अधीशासी अभियंता को भूमि कटान रोकने हेतु स्थाई ठोकर बनवाने हेतु सर्वे के निर्देश दिए तथा विद्युत लाइन का सर्वे कर दो घण्टे सुरक्षित विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए। मा0 मंत्री महोदय ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उनसे खान-पान व अन्य प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली, जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि समुचित व्यवस्थायें की गई हैं। तत्पश्चात मा0 प्रभारी महोदय बरौली गूजर के प्राथमिक विद्यालय में बने बाढ़ आश्रणालय में पहुंचे जहां प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री व बाढ़ राहत किट का वितरण किया।
मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक,लेखपाल को मौके पर तलब किया तथा कड़े निर्देश दिए कि फसलों में हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे करें, भौतिक सर्वे के साथ ड्रोन सर्वे कर रिपोर्ट आख्या पोर्टल पर अपलोड करें तथा बाढ़ से प्रभावित हुए घर, पशुओं के नुकसान का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, जिससे कि शासन की मंशानुरूप प्रभावितों को अतिशीघ्र मुआवजा राशि प्रदान की जा सके, कोई भी प्रभावित परिवार छूटना नहीं चाहिए, शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
तत्पश्चात मा0 प्रभारी मंत्री महोदय सदर तहसील के गांव गढ़ी रामफल पहुंचे, जहां 19 वर्षीय रवेंद्र पुत्र डम्बर सिंह की यमुना में डूबकर दुखद मृत्यु हो गई थी, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा कहा कि सरकार और प्रशासन इस दुख की घड़ी में आपके साथ है, मा0 मंत्री महोदय ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 04 लाख रुपए का चैक मृतक बच्चे के पिता को प्रदान किया।
मा. मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह जी के सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने सर्वप्रथम जनपद में दैवीय आपदा से मृतकों के 05 स्वजनों को मुख्यमंत्री राज्य आपदा मोचक निधि से 04-04 लाख के चैक प्रदान किए गए, चैक प्राप्त करने वालों में मीना देवी जिनके पति जबर सिंह की सांड के मारने से दुखद मृत्यु, किरन के पति पिंटू, लक्ष्मी के पति श्याम बिहारी की पानी में डूबने से तथा आनंद गोस्वामी जिनके संबंधी की मृत्यु जल में डूबने से तथा ओमवती के पति गिरवर की दुखद मृत्यु सर्प दंश से हो गई थी। तत्पश्चात मा0 प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा सर्किट हाउस में पुलिस व प्रशासन के साथ जनपद में विकास कार्यों की प्रगति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
बैठक में सर्व प्रथम विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की, जिसमें बताया गया कि दिए गये निर्देशों का अनुपाल किया गया है। बैठक में राजस्व विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में राजस्व के 01 वर्ष से अधिक व 03 वर्ष से कम अवधि के 1274, 03 वर्ष से कम तथा 05 वर्ष से कम अवधि के 281 एवं 05 वर्ष से अधिक अवधि के 43 राजस्व वाद लम्बित हैं, मा0 मंत्री महोदय ने निर्देशित किया कि जनपद में एडीएम न्यायिक सहित तहसीलों में एसडीएम न्यायिक तैनात हैं, सभी पुराने राजस्व वादों को सुनकर लम्बित वादों की संख्या शून्य की जाए।
आई०जी०आर०एस० की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में पोर्टल पर शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता तथा मौके का मुआयना कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है, मा0 मंत्री महोदय ने कड़े निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि निस्तारण का आधार होना चाहिए, सम्बन्धित अधिकारी की निस्तारण में व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी तय की जाए, जिससे की शासन की मंशानुरूप प्राप्त शिकायतों को निस्तारित किया जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की गई तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को स्पष्ट निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डीपीआरओं के समन्वय के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, एन्टीलार्वा फॉगिंग कराने, बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक बीमारियों को रोकने हेतु ऐसे सभी चिन्हित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य कैम्प आयोजित करने, निःशुल्क दवा वितरण एवं एम्बुलेंस को तैनात करने के कड़े निर्देश दिए। मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने सभी सीएचसी, पीएचसी पर रात्रि में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सीएमओ व डीपीआरओ को लगातार फील्ड विजिट व निरीक्षण करने के निर्देश दिए एवं पानी उतरने के बाद तत्काल सिल्ट आदि संबंधी बेहतर सफाई कार्य, चूना, ब्लीचिंग एवं पशुओं के टीकारण कार्य किया जाए।
बैठक में निराश्रित गौवंश की समीक्षा की गई, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा गोआश्रय स्थलों में बीमार एवं मृत गांयों को रजिस्टर में दर्ज करने तथा चारागाह व ग्राम समाज की भूमि से कब्जा हटाकर हरा चारा हेतु उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं में संक्रामक बीमारी के खतरे के दृष्टिगत अभियान चलाकर पशुओं का टीकाकरण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि सर्वे कर पात्र व्यक्तियों की सूची तैयार की जा रही है, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने निर्देशित किया कि कोई भी जरूरतमंद पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे से छूटना नहीं चाहिए तथा सूची को सम्बन्धित जनप्रतिनिधि को भी उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा की गई, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने समूह की सदस्य महिलाओं का ससमय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में कुल संचालित 3004 आंगनबाड़ी केन्द्रों में से 2770 में प्री-स्कूल किट उपलब्ध कराई गई है तथा 47 प्राथमिक स्कूलों में बाल वाटिका केन्द्र का शुभारम्भ किया गया है।
बैठक में पंचायती राज विभाग की समीक्षा की गई तथा गांव में जल जमाव न होने देने, सफाई कर्मचारियों का रोस्टर बनाकर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग की समीक्षा कर निर्देशित किया कि बीएलओ कार्य हेतु शिक्षकों की ड्यूटी इस प्रकार तय की जाए कि किसी भी स्कूल में शिक्षण कार्य बन्द न हो। माध्यमिक शिक्षा की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जीआईसी मैदान पंचकुईयां में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम हेतु 4 करोड़ 83 लाख की धनराशि प्राप्त हो गई है, मा0 मंत्री महोदय ने मिनी स्टेडियम निर्माण से पूर्व मैदान के जल निकासी के विकल्प हेतु एक कमेटी बनाकर जल निकासी प्रबन्ध हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पर्यटन विभाग की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि छत्रपति शिवाजी म्यूजियम हेतु धनराशि प्राप्त है तथा कार्य प्रगति पर है, बटेश्वर मन्दिर परिसर में बाढ़ प्रभावित होने के कारण कार्य अभी स्थगित है, मा0 मंत्री महोदय ने बताया कि जनपद आगरा में अभी तक 37 परियोजनाओं के कार्य किए जा रहे हैं तथा 16 परियोजनायें सहभागिता योजना के अन्तर्गत संचालित हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में धार्मिक स्थान व मन्दिरों के जीर्णोद्धार तथा पर्यटन स्थानों के विकास के लिए विभाग द्वारा कोई कमी नहीं रखी जायेगी, उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में पर्यटन विकास हेतु विकास किया है।
बैठक में कृषि विभाग, जल निगम, खाद्य एवं रसद विभाग, विद्युत विभाग, आगरा मैट्रो, पीडब्ल्यूडी, समाज कल्याण, संचालित निर्माण परियोजना की समीक्षा की गई तथा सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।
बैठक में मा0 मंत्री उच्च शिक्षा योगेन्द्र उपाध्याय जी, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन जी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा0 मंजू भदौरिया, मा0 विधायकगण रानी पक्षालिका जी, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल जी, भगवान सिंह कुशवाहा जी, छोटेलाल वर्मा जी, मा0 एमएलसी विजय शिवहरे जी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त पौनियां जी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी जी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी अरूण कुमार श्रीवास्तव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।




