
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस सतर्क हो गई है। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बुधवार को कहा कि नेपाल सीमा से सटे यूपी के 7 ज़िलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालात को देखते हुए प्रत्येक ज़िले में 2-2 कंपनी PAC (प्रांतीय आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी) की तैनाती की गई है।
डीजीपी ने बताया कि नेपाल की सेना और पुलिस के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। इसके अलावा, SSB (सशस्त्र सीमा बल) के महानिदेशक से भी बातचीत हुई है।
फंसे भारतीयों को निकालने की तैयारी
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि नेपाल में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की तैयारी की जा रही है। स्थिति पर नजर रखने के लिए सीमा चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सीमा पार रूटीन यातायात पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
यूपी के ये ज़िले हैं सीमा से सटे:
- महराजगंज
- सिद्धार्थनगर
- श्रावस्ती
- बलरामपुर
- लखीमपुर खीरी
- पीलीभीत
- बहराइच
राज्य सरकार ने सभी संबंधित ज़िलों को निर्देश दिया है कि वे नेपाल की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना मुख्यालय को दें।





