
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: मलिहाबाद तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर लखनऊ की जिलाधिकारी विशाख जी ने पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आम जनता की शिकायतों को सुना और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आदेश दिया कि पिछले तहसील दिवस में दर्ज प्रकरणों का निस्तारण शिकायतकर्ताओं से कॉल के माध्यम से सत्यापित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, निस्तारण की गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के लिए कॉल करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें जमीन विवाद, राशन वितरण, और अन्य प्रशासनिक मुद्दे शामिल थे।
इस पहल से मलिहाबाद के लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है, और उम्मीद जताई जा रही है कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होगा।




