
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सूरजपुर गांव में बंदरों के झुंड ने घर में सो रहे 2 महीने के मासूम बच्चे को उठाकर छत पर रखे पानी भरे ड्रम में डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर निवासी अनुज कुमार का 2 महीने का बेटा घर के अंदर बेड पर लेटा था। इसी दौरान बंदरों का झुंड कमरे में घुसा और बच्चे को मुंह में दबाकर छत पर ले गया। वहां बंदरों ने बच्चे को पानी से भरे ड्रम में फेंक दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चा ड्रम में डूब चुका था। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के समय बच्चे की मां सविता बाथरूम में नहा रही थीं। मछरेहटा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि बच्चे का पिता अनुज कुमार घर के बाहर इलेक्ट्रिक की दुकान चलाता है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।





