
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किसान का दिनदहाड़े अपहरण उसकी पत्नी की साजिश का हिस्सा निकला। संपत्ति हड़पने के लालच में पत्नी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर इस खौफनाक योजना को अंजाम दिया। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पांच किलोमीटर तक पीछा कर किसान को बदमाशों के चंगुल से सुरक्षित बचा लिया। इस घटना ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है।
कार की डिक्की में बंधक बनाकर ले जा रहे थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने किसान को अगवा कर कार की डिक्की में बंधक बनाकर ले जा रहे थे। सूचना मिलते ही आगरा पुलिस तुरंत हरकत में आई और हाईवे पर बदमाशों का पीछा शुरू किया। करीब पांच किलोमीटर तक चले इस पीछा-पीछी के बाद पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया और किसान को सकुशल बचा लिया।
पत्नी निकली साजिश की मास्टरमाइंड
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस अपहरण के पीछे किसान की पत्नी का हाथ था। उसने अपने भाइयों के साथ मिलकर संपत्ति हड़पने के लिए इस साजिश को रचा। पुलिस ने पत्नी और उसके भाइयों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
गांव में अफरातफरी, रिश्तों पर उठे सवाल
इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया, बल्कि रिश्तों की विश्वासघात की कहानी ने भी सभी को झकझोर दिया। गांव में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, और लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि संपत्ति के लालच में कोई इतना नीचे गिर सकता है।
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और आगे की जांच में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।





