
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
हर्षिल: उत्तरकाशी के हर्षिल में शुक्रवार सुबह टेलगाड़ नाले के पास एक ताजा भूस्खलन होने से क्षेत्र में खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो गई है। यह भूस्खलन आर्मी कैंप के ऊपरी हिस्से में हुआ, जिसके कारण नाले में पानी का बहाव रुक गया है। भारी चट्टानों और मलबे के नाले के मुहाने पर जमा होने से प्रशासन को आशंका है कि ऊपरी क्षेत्र में अस्थायी झील बन सकती है, जिससे अचानक फ्लैश फ्लड का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
पुलिस ने हर्षिल और आसपास के निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को नदी किनारों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सख्त हिदायत दी गई है। लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। कई गाँवों में जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे घरों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।
अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और राहत व बचाव कार्यों की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।





