
रामनगर: लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कोसी नदी और गर्जिया देवी मंदिर के आसपास का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
गर्जिया देवी मंदिर, जो कोसी नदी के किनारे स्थित है, हर साल हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहता है। लेकिन बीते कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुँचा दिया है, जिससे मंदिर तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है।
इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए मंदिर क्षेत्र में आम जनता के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है।
उधर, कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से रामनगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी और मंदिर क्षेत्र की ओर न जाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।





