
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: कोतवाली कैंट क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले 48 वर्षीय सुजीत सिंह को उनके ही दबंग पड़ोसियों ने मामूली कहासुनी के बाद बेरहमी से पीटकर मरणासन्न हालत में छोड़ दिया।
आरोप है कि रिटायर्ड फौजी अयोध्या प्रसाद सिंह और उनके बेटे पंकज सिंह ने पहले सुजीत को गाली-गलौज की, फिर ईंट और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि “अगर पुलिस में शिकायत की, तो जान से मार देंगे।”
हमले में बुरी तरह घायल सुजीत सिंह को उनके परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित सुजीत सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी काफी समय से दबंगई कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी का दामाद संतोष सिंह स्थानीय पार्षद है, जिसकी राजनीतिक पहुंच के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।
सुजीत सिंह ने यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी अयोध्या प्रसाद सिंह और उनके बेटे ने उन पर हमला किया था, जिसकी शिकायत कोतवाली कैंट थाने में की गई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि यदि इस बार भी पुलिस ने सख्त कदम नहीं उठाया, तो विपक्षी किसी भी समय उनकी हत्या कर सकते हैं।
स्थानीय लोग भी इस घटना से आक्रोशित हैं और उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।





