
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
कुशीनगर (उत्तर प्रदेश): जिले में आयोजित डोल मेले के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब झांकी में भगवान शंकर का रूप धारण किए एक युवक की मंच पर गिरने से मौत हो गई। कार्यक्रम में डीजे की तेज़ धुन पर कलाकार झूम रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झांकी के दौरान युवक मंच पर नृत्य कर रहा था, तभी अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। लोगों को लगा कि यह झांकी का हिस्सा है, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका
प्रारंभिक अनुमान है कि युवक को साइलेंट हार्ट अटैक आया हो सकता है। हालांकि, कुछ लोगों ने डीजे की तेज़ आवाज़ को भी इसकी एक संभावित वजह बताया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और युवक की पहचान व उम्र की पुष्टि भी की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से डोल मेले की खुशी मातम में बदल गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




