
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
औरैया: जनपद औरैया की बिधूना तहसील में आज एक हैरान कर देने वाली घटना ने सभी को चौंका दिया। बैनामा कराने आए एक व्यक्ति का रुपयों से भरा झोला अचानक एक बंदर झपट कर ले भागा।
बंदर झोला लेकर तेजी से नजदीकी पेड़ पर चढ़ गया और ऊपर पहुंचते ही झोले को फाड़ डाला। झोला फटते ही उसमें रखे नोट हवा में उड़ने लगे। नोट उड़ते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों में उन्हें पकड़ने की होड़ लग गई।
कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग इधर-उधर उड़ते नोटों को बटोरने लगे। इस अजीबोगरीब और हास्यास्पद नजारे का वीडियो भी किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि झोले में कितनी राशि थी और कितने पैसे लोगों द्वारा उठा लिए गए। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति सकते में है। वहीं, तहसील परिसर में इस अनोखी घटना की चर्चा हर ओर हो रही है।





