
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
प्रतापगढ़: पट्टी ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह की पत्नी और बेटियों ने सोमवार को एक प्रेसवार्ता कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सुशील सिंह को पट्टी गोलीकांड और ड्रग्स तस्करी मामले में फंसाया गया है। फिलहाल भाजपा नेता जेल में बंद हैं।
परिजनों ने बताया कि गोलीकांड की घटना आत्मरक्षा में हुई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही एमडी ड्रग्स की बरामदगी को लेकर भी उन्होंने पुलिस पर साजिश रचने का आरोप लगाया।
प्रेसवार्ता में प्रमुख की बेटी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एमडी ड्रग्स को जानबूझकर एक गड्ढे में छिपाकर वहां से बरामदगी दिखाई, जिससे सुशील सिंह को फंसाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिस स्थान से ड्रग्स मिलने का दावा किया गया, वहां 3 अगस्त को ग्राम प्रधान द्वारा जेसीबी से खुदाई कराई गई थी, जिससे इस बरामदगी पर सवाल उठते हैं।
प्रमुख की पत्नी और बेटियों ने सीओ और कोतवाली पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए मांग की कि पूरे मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराई जाए।
उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और उच्च स्तर की जांच एजेंसियों पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि सच जल्द सामने आएगा।





