
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गोगाजी के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-टॉली को नेशनल हाईवे-34 पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 43 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
मरने वालों में एक बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है, और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से 10 को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है, 10 को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 23 घायलों को खुर्जा के कैलाश अस्पताल भेजा गया है।
हादसा बुलंदशहर के अरनिया थाना क्षेत्र में हुआ, जब कासगंज से गोगाजी मंदिर, राजस्थान के लिए निकले श्रद्धालु NH-34 पर ट्रैक्टर-टॉली से जा रहे थे। तभी एक बेकाबू कंटेनर ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। डीएम, एसएसपी समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
श्रद्धालुओं की इस दुखद मृत्यु पर पूरे इलाके में शोक की लहर है।





