
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: गोमती नगर स्थित आदित्य टावर में रविवार को नवोत्सव-25 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। आगामी 21 सितंबर 2025 को राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उत्तर प्रदेश नवोदय ओपन एल्यूमिनी मीट (नवोत्सव-25) का आयोजन होना है। इस भव्य समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियों के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और जिम्मेदारियों की प्रगति रिपोर्ट दी। इस दौरान मंच व्यवस्था, पंजीकरण, आवास, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथि सत्कार जैसी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने यह सुनिश्चित किया कि देश-विदेश से आने वाले नवोदय विद्यालयों के पूर्व छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें एक यादगार अनुभव प्राप्त हो। कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यह एल्यूमिनी मीट केवल मिलन का अवसर ही नहीं, बल्कि भाईचारे और नवोदयन भावना को पुनर्जीवित करने का माध्यम भी बनेगा। इस दौरान पूर्व छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और आपसी संवाद से नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी इसी के साथ-साथ नवोदय विद्यालय के ऐसे पूर्व छात्र जो विभिन्न संस्थानों में उच्च पदों पर हैं वह रोजगार के नए अवसरों के बारे में भी करियर काउंसलिंग करेंगे।
ज्ञात हो कि नवोत्सव-25 का आयोजन विशेष रूप से इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लेकर देश-विदेश तक फैले नवोदयन परिवार के सदस्य एक साथ जुटेंगे। इस महोत्सव से न केवल परस्पर संबंध मजबूत होंगे, बल्कि सामाजिक सरोकार और सहयोग की नई दिशा भी तय होगी। अर्जुन मंडल ने बताया कि इस अल्युमिनी मीट में देश विदेश से हजारों पूर्व छात्र छात्राएं सम्मिलित होंगे।
बैठक में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह विश्वास व्यक्त किया कि 21 सितंबर का दिन नवोदय परिवार के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनने जा रहा है।





