
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के श्रीनगर मोहल्ले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दबंग युवक की लगातार दबंगई और उत्पीड़न से परेशान महिला ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या की धमकी वाला वीडियो पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
सालभर से जारी आतंक
पीड़िता महिला ने वीडियो में खुलासा किया है कि मोहल्ले का दबंग युवक पिछले एक साल से उसे लगातार परेशान कर रहा है। आए दिन पीछा करना, वीडियो बनाना और बदनाम करने की धमकी देना उसकी आदत बन चुकी है।
पुलिस पर भी गंभीर आरोप
महिला ने अपने वीडियो में साफ कहा है कि उसने कई बार पुलिस से मदद मांगी, लेकिन “कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई।” महिला ने साफ चेतावनी दी – “अगर मैंने आत्महत्या कर ली तो जिम्मेदार दबंग के साथ पुलिस भी होगी।”
वायरल वीडियो से टूटी नींद
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।





