
- रिपोर्ट: सुनील जायसवाल
जनपद सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में खनन का मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। यहां के खनन पॉइंट से खनन माफिया खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, खनन सामग्री से भरे ओवरलोड वाहन लगातार इलाके से निकल रहे हैं, जो पुलिस की मौजूदगी के बावजूद धड़ल्ले से भागते दिखाई दे रहे हैं।
किसके संरक्षण में चल रहा है अवैध खनन?
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर किसके इशारे पर ये ओवरलोड वाहन बेरोकटोक इलाके से गुजर रहे हैं?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत और मेहरबानी के चलते खनन माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर इन आदेशों की अनदेखी साफ तौर पर देखी जा सकती है।
बिहारीगढ़ में चल रही यह गतिविधि प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता को लेकर जनता में गहरा आक्रोश है।
क्या होगा अगला कदम?
अवैध खनन के इस खुल्ले खेल पर अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की मांग जोर पकड़ रही है। देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इस पर कितनी गंभीरता दिखाते हैं और दोषियों पर कब तक शिकंजा कसा जाता है।





