
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या के रामनगर में झूलेलाल का 73वां महापर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिंधु सेवा समिति द्वारा एक भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सिंधी समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
महापर्व की शुरुआत भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के साथ एक विशाल शोभायात्रा से हुई। यह यात्रा रामनगर से शुरू होकर मकबरा, फतेहगंज चौक, रिकाबगंज होते हुए गुप्तारघाट तक विभिन्न मार्गों से गुजरी। शोभायात्रा में कई रंग-बिरंगी झांकियां शामिल थीं, जिनमें सिंधी कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
सिंधु सेवा समिति के अध्यक्ष अमृत राजपाल ने बताया कि यह पर्व सिंधी समाज की एकता, आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष समाज के लोग इस पर्व में पूरे जोश के साथ भाग लेते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के मेधावी छात्रों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सव से परिपूर्ण रहा।





